होली के मौके पर बच्चों से गुलाल लगवाते विधायक 
पश्चिम बंगाल

रंगों में रंगा कालचीनी : बसंत उत्सव में झूमे विधायक विशाल लामा

कालचीनी चाय बागान क्षेत्र में आयोजित भव्य बसंत उत्सव में कालचीनी के विधायक विशाल लामा ने शिरकत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

सन्मार्ग संवाददाता

कालचीनी : रंगों की अबीर और बसंत की मादक फिज़ा के बीच कालचीनी एक बार फिर उल्लास से सराबोर हो उठा। कालचीनी चाय बागान क्षेत्र में आयोजित भव्य बसंत उत्सव में कालचीनी के विधायक विशाल लामा ने शिरकत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उनके पहुंचते ही उत्सव स्थल पर मौजूद लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। स्थानीय निवासियों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और पूरा वातावरण रंगों व खुशियों से भर गया। इस अवसर पर मयूरी म्यूजिक एकेडमी तथा डुआर्स लोक सांस्कृतिक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में बसंत उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चाय बागान के श्रमिकों से लेकर क्षेत्र के बुजुर्ग और बच्चे तक बड़ी संख्या में शामिल हुए। विधायक ने सभी के साथ मिलकर जमकर अबीर-गुलाल खेला। उन्होंने उपस्थित लोगों को रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं और स्वयं भी रंगों में सराबोर नजर आए। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का प्रतीक होते हैं। ऐसे अवसर हमें भेदभाव भुलाकर एक-दूसरे के और करीब आने का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी से शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की। उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी विशेष आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने बसंत गीतों और लोक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा चाय बागान क्षेत्र झूम उठा। रंग, संगीत और उल्लास से भरे इस आयोजन ने लोगों के दिलों को छू लिया। विधायक की सादगी और सहभागिता से क्षेत्रवासी बेहद प्रसन्न नजर आए। लोगों का कहना था कि अपने जनप्रतिनिधि को इस तरह आम जनता के बीच घुलते-मिलते देखना गर्व और खुशी की बात है।

SCROLL FOR NEXT