प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
मध्यमग्राम :
नंदीग्राम उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने के ममता बनर्जी के ऐलान पर केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने तंज कसा है। रविवार को मध्यमग्राम में एक कालीपूजा के खूंटी पूजा कार्यक्रम में पहुंचे सुकांत ने कहा कि कभी कांग्रेस का मजाक उड़ाने वाली तृणमूल अब उसी के समर्थन में खड़ी है। उन्होंने कहा कि एक समय कांग्रेस को लेकर तृणमूल कांग्रेस खिल्ली उड़ाती थी, मजाक करती थी। अब कांग्रेस कर रही है। असल में दोनों साइनबोर्ड बन चुकी पार्टियां हैं। कौन किसके कंधे पर चढ़ेगा, इसी को लेकर लड़ाई चल रही है। वहीं, यादवपुर में पूर्व विधायक देवव्रत मजूमदार के घर पर हमले के आरोपों को लेकर पूछे गए सवाल पर सुकांत मजूमदार ने भाजपा की ओर से किसी भी तरह की हिंसा का समर्थन करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी किसी हिंसा का समर्थन नहीं करती। नव्य भाजपा और पुरानी भाजपा जैसी कोई बात नहीं है। दुष्कृति, दुष्कृति ही होता है।