पश्चिम बंगाल

गोबरडांगा में सियार का आतंक, 6 ग्रामीण घायल

घर के सामने बैठी महिला पर भी किया हमला

गोबरडांगा : शनिवार दोपहर गोबरडांगा के पायरागाछी मध्यपाड़ा गांव में सियार के हमलों से दहशत फैल गयी। महज एक घंटे के भीतर छह ग्रामीणों को काटकर सियार जंगल में भाग गया। घायलों को हाबरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, गांव के आसपास जंगल और बांसझाड़ हैं। यहां अक्सर सियार नजर आते हैं, लेकिन पहली बार किसी सियार ने इस तरह लगातार लोगों पर हमला किया। शनिवार को घर के सामने बैठी स्वप्ना विश्वास पर अचानक सियार ने हमला कर उनके पैर को जख्मी कर दिया। इसके बाद उसने सड़क से गुजर रहे कई लोगों को काटा और खरोंच मारी। एक कुत्ते पर भी हमला किया। लगातार घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल है। कई लोगों ने घरों से निकलना बंद कर दिया है, जबकि कुछ लोग लाठी लेकर बाहर निकल रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और वन विभाग को जानकारी दी। वन विभाग की टीम ने काफी तलाश की, लेकिन सियार का पता नहीं चल सका। इसके बाद उसे पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगाया गया है। वनकर्मी इलाके में निगरानी कर रहे हैं।


SCROLL FOR NEXT