केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ( फाइल फोटो ) 
पश्चिम बंगाल

बंगाल में आम जनता के साथ हो रहा अन्याय : गिरिराज सिंह

भाजपा सरकार बनी तो महिलाओं को मिलेंगे 3000 रुपये महीना

कोलकाता : भाजपा की परिवर्तन यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तृणमूल सरकार पर तीखा हमला बोला। मिदनापुर में आयोजित परिवर्तन यात्रा की सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जो ममता बनर्जी कभी ‘मां, माटी, मानुष’ का नारा देकर सत्ता में आई थीं, आज वही सरकार इन तीनों के साथ अन्याय कर रही है। उनके मुताबिक राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है और आम लोग तृणमूल के गुंडों से परेशान हैं। गिरिराज सिंह ने सभा में उपस्थित लोगों से सवाल करते हुए कहा कि क्या आपके गांव में तृणमूल के कार्यकर्ता, जो कभी साइकिल से चलते थे, आज बड़ी-बड़ी गाड़ियों में नहीं घूम रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम लोगों को घर बनाने से लेकर कई योजनाओं का लाभ लेने तक के लिए ‘कटमनी’ देनी पड़ती है। उन्होंने नारायणगढ़ के सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने पूरे देश में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लाखों करोड़ रुपये दिए, लेकिन बंगाल में इसका पूरा लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पाया। उन्होंने दावा किया कि यदि बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है तो सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही बिहार और ओडिशा की तरह महिलाओं के खातों में प्रतिमाह 3000 रुपये देने की योजना लागू की जाएगी। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर सरकारी कर्मचारियों को तुरंत सातवां वेतन आयोग लागू किया जाएगा । उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में 26 हजार शिक्षकों की नौकरी से जुड़ा बड़ा घोटाला हुआ है। इसके अलावा किसानों के खातों में 45 दिनों के भीतर सहायता राशि देने, पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा जनधन योजना को प्रभावी रूप से लागू करने का भी वादा किया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री पर घुसपैठियों को संरक्षण देने के लिए कोलकाता में धरना देने का आरोप लगाया। उन्होेंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार जल्द ही सत्ता से बाहर हो जाएगी।

SCROLL FOR NEXT