पश्चिम बंगाल

डाबग्राम-2 में भाजपा की कलह, प्रधान ने दिया इस्तीफा

मिताली मालाकार के आरोप—अपनी ही पार्टी के नेताओं ने रची साजिश

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी: डाबग्राम-2 अंचल में भाजपा के अंदरूनी मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। इसी बीच अंचल की प्रधान मिताली मालाकार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।बताया जा रहा है कि प्रधान और भाजपा के एक वर्ग के बीच पिछले कुछ समय से मतभेद चल रहे थे। मिताली मालाकार ने आरोप लगाया कि पार्टी के कुछ नेता और कार्यकर्ता विपक्षी पंचायत सदस्यों के संपर्क में थे और उन्हें प्रधान पद से हटाने की कोशिश की जा रही थी। उनका कहना है कि लगातार बन रहे दबाव और पार्टी के भीतर चल रही खींचतान के बीच उन्होंने खुद ही पद छोड़ने का फैसला किया।मिताली ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ पंचायत सदस्य, मंडल स्तर के नेता और अन्य नेताओं ने मिलकर उन्हें पद से हटाने की कथित साजिश रची। उन्होंने कहा कि अपनी ही पार्टी के लोगों द्वारा इस तरह की कोशिश उनके लिए बेहद शर्मनाक स्थिति थी। इसी कारण उन्होंने किसी अविश्वास या अन्य प्रक्रिया से पहले ही स्वेच्छा से इस्तीफा देना उचित समझा।इधर, मिताली के आरोपों पर अब तक भाजपा के अन्य नेताओं या कार्यकर्ताओं की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, डाबग्राम-2 अंचल में नए प्रधान के चुनाव की प्रक्रिया 7 अक्टूबर को हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

SCROLL FOR NEXT