सांकेतिक फोटो  
पश्चिम बंगाल

बलागढ़ में गाली-गलौज से मना करने पर लकड़ी के हथौड़े से हमला कर वृद्धा की हत्या

हुगली : गाली-गलौज देने से मना करने पर लकड़ी के हथौड़े से हमला कर एक युवक ने वृद्धा की हत्या कर दी। वृद्धा का नाम बदली मांडी (60) है। यह घटना बलागढ़ खामरगाछी के कदम घुटु गांव की है। ग्रामीणों ने आरोपित समर सोरेन की पिटाई करने के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। बलागढ़ पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय और पुलिस सूत्रों ने कहा कि पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति समर नशे में गाली दे रहा था। इसको लेकर वृद्धा बदली के साथ उसका विवाद हो गया। विवाद के दौरान युवक ने लकड़ी के हथौड़ा से हमला कर दिया जिससे वृद्धा घायल हो गई। ग्रामीणों ने वृद्धा को जिराट ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आरोपित गांव के लोगों को परेशान करता है। उसे चेतावनी दी गई थी, लेकिन वह नहीं माना, जिसके चलते आज एक वृद्धा की जान चली गई । घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। पुलिस पिकेट बैठायी गयी है।

डीएसपी क्राइम ने यह कहा

डीएसपी क्राइम अभिजीत सिन्हा महापात्रा ने कहा कि हामजानपुर कदम घुटु गांव में एक घटना हुई है। एक युवक नशे की हालत में था। वह गांव में झमेला कर रहा था। मना करने पर उसने लकड़ी के हथौड़े से वृद्धा के सिर पर हमला कर दिया। वृद्धा जमीन पर गिर गई, फिर भी उसे मारता रहा। अभियुक्त को हिरासत में लिया गया है। वह अस्पताल में है। घटना की जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT