कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति का सबसे चर्चित मुकाबला इस बार शुभेंदु अधिकारी और ममता बनर्जी के बीच भवानीपुर में देखने को मिल रहा है। मतगणना से पहले ही राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा चुका है और दोनों दलों के समर्थकों के बीच उत्साह अपने चरम पर है। इसी बीच भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट के नतीजों को लेकर बड़ा और बेहद आत्मविश्वास भरा दावा किया है। भवानीपुर से चुनाव लड़ रहे शुभेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें मतगणना के पहले और दूसरे राउंड में बढ़त मिलेगी। उनके मुताबिक तीसरे, चौथे और पांचवें राउंड में मुस्लिम बहुल बूथों की वजह से ममता बनर्जी आगे रह सकती हैं, लेकिन छठे और सातवें राउंड से तस्वीर बदलनी शुरू हो जाएगी। शुभेंदु ने दावा किया कि वह धीरे-धीरे बढ़त की भरपाई करेंगे और बीसवें राउंड तक निर्णायक जीत हासिल कर लेंगे। उन्होंने कहा, “मैं अभी से भवानीपुर का परिणाम बता रहा हूं। शुरुआती दो राउंड मेरे होंगे, उसके बाद कुछ राउंड में ममता बनर्जी आगे रहेंगी, लेकिन छठे-सातवें राउंड से मैं वापसी शुरू करूंगा और आखिर में जीत मेरी होगी। इस बीच शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर मतगणना केंद्र के बाहर “ड्रामाबाजी” करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चाहे दो दिन और इस तरह का नाटक करती रहें, लेकिन इससे नतीजे नहीं बदलेंगे।