होटल मालिक ने कहा-दलाल के बिना नहीं होता कागजी काम
बनगांव: उत्तर 24 परगना के बनगांव में मंगलवार को होटल और गेस्ट हाउसों में अग्निशमन व्यवस्था की जांच के दौरान उस वक्त हंगामा हो गया, जब एक होटल मालिक ने दमकल अधिकारी को कथित तौर पर दलाल का फोन थमा दिया। अधिकारी ने फोन लेने से साफ इनकार करते हुए होटल मालिक को जमकर फटकार लगाई। दरअसल, तारापीठ और कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट में हाल में हुए होटल अग्निकांडों के बाद दमकल विभाग की ओर से अलग-अलग जिलों में होटलों और गेस्ट हाउसों की सुरक्षा जांच की जा रही है। इसी क्रम में बनगांव दमकल विभाग की टीम मंगलवार को शहर के विभिन्न होटलों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने पहुंची थी। इस दौरान बाटा मोड़ इलाके में चित्त साहा के होटल की जांच के दौरान अधिकारियों ने अग्निशमन से जुड़े जरूरी कागजात मांगे। इसी बीच होटल मालिक ने अधिकारी से कहा कि एक दलाल उनसे बात करना चाहता है और अपना मोबाइल फोन उनकी ओर बढ़ा दिया। यह सुनते ही दमकल अधिकारी नाराज हो गए। उन्होंने होटल मालिक को स्पष्ट तौर पर कहा कि सरकारी निरीक्षण के दौरान किसी दलाल से बात करने का सवाल ही नहीं उठता। अधिकारी की फटकार के बाद होटल मालिक ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांगी। हालांकि, बाद में पत्रकारों से बातचीत में उसने दावा किया कि सरकारी कागजात और दूसरे काम दलाल के जरिए ही होते हैं। उसके मुताबिक, दलाल पैसे लेकर काम करवाते हैं, इसलिए उसने अधिकारी से फोन पर बात कराने की कोशिश की थी। होटल मालिक ने यह भी स्वीकार किया कि उसके होटल में लगे अग्निशामक यंत्र का नवीनीकरण नहीं हुआ है। बनगांव दमकल के स्टेशन ऑफिसर शुभमय मोदक ने कहा कि दमकल विभाग का दलालों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने साफ किया कि अग्निशमन सुरक्षा से जुड़े नियमों की जांच करना विभाग की जिम्मेदारी है और इसके लिए किसी दलाल से बातचीत की जरूरत नहीं है।