राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : सुंदरवन के गोसाबा ब्लॉक अंतर्गत सातजेलिया क्षेत्र में रविवार तड़के लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस हादसे में एक मां और बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। घायलों की पहचान लतिका मंडल और उनकी बेटी अनुष्का मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आग लगने के समय दोनों दुकान के पास ही मौजूद थीं और बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला और तत्काल गोसाबा के ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब चार बजे सातजेलिया स्थित एक किराना दुकान में अचानक आग लग गई। चंद मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पास के दो-तीन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जाता है कि दुकान में केरोसिन, पेट्रोल और गैस सिलिंडर जैसे ज्वलनशील पदार्थ रखे थे, जिससे आग तेजी से फैल गई। आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि उन्हें दूर से भी साफ देखा जा सकता था। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक दुकान और आसपास के मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए थे। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटे हैं। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण बताया गया है। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री और आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से आग की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।