कोलकाता : पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू के प्रोटोकाल उल्लंघन को लेकर केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य के चीफ सेक्रेटरी से रिपोर्ट मांगी है। मंत्रालय ने कहा है कि राष्ट्रपति की यात्रा के दौरान प्रोटोकॉल के तहत जो व्यवस्थाएं की जानी चाहिए थीं और जो की गयी थीं उसके बारे में पूरा विवरण दिया जाए।
सूत्रों के अनुसार गृह मंत्रालय ने पश्चिम बंगाल के चीफ सेक्रेटरी को रविवार शाम 5 बजे तक जवाब देने के लिए कहा था। इस रिपोर्ट में यह बताना होगा कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान राज्य सरकार की ओर से नियमों के मुताबिक क्या-क्या इंतजाम किए गए थे और कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने किस तरह की तैयारी की थी। गृह मंत्रालय का कहना है कि राष्ट्रपति की यात्रा और उनके कार्यक्रम के दौरान तय प्रोटोकॉल का पालन करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी होती है। इसलिए यह स्पष्ट किया जाए कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर कौन-कौन से कदम उठाए गए थे। अब इस मामले में पश्चिम बंगाल प्रशासन की ओर से भेजी जाने वाली रिपोर्ट के बाद आगे की स्थिति साफ हो सकती है।