भाटपाड़ा : भाटपाड़ा में एक बार फिर गोली चलने से इलाके में दहशत फैल गई। कांकिनाड़ा में एक व्यक्ति के घर पर बाइक सवार दो युवकों ने हमला कर गोलीबारी की। आरोप है कि हमलावरों ने घर के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। घटना भाटपाड़ा नगरपालिका के वार्ड नंबर 14 के कांकिनाड़ा स्थित 15 नंबर गली की है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बाइक सवार दो युवक रशीद खान उर्फ गुड्डू के घर पहुंचे और उन्हें आवाज लगाने लगे। उस समय रशीद घर पर मौजूद नहीं थे। परिवार के लोगों ने डर के कारण दरवाजा नहीं खोला। आरोप है कि इसके बाद युवकों ने दरवाजे पर लात मारनी शुरू कर दी। घबराई रशीद की पत्नी ने आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। इसी दौरान बदमाशों ने कथित तौर पर पड़ोसियों की ओर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। इसके बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। रशीद की पत्नी का आरोप है कि उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उनके घर पर बमबाजी की घटना हो चुकी है और अब गोली चलाकर डराने की कोशिश की गई। उनका दावा है कि पास के एक मकान पर कब्जा करने को लेकर यह विवाद चल रहा है और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान से जुड़े विवाद को लेकर रशीद और एक पड़ोसी के बीच काफी समय से तनाव चल रहा था। उसी विवाद की वजह से गोलीबारी हुई है या इसके पीछे कोई और कारण है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।