नदिया : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के धनतला थाना क्षेत्र स्थित आड़ंगघाटा में बुधवार देर रात एक स्वर्ण व्यवसायी की नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 49 वर्षीय विकास दास के रूप में हुई है। बदमाशों ने कथित तौर पर पहले धारदार हथियार से उनके सिर पर कई वार किए और मौत सुनिश्चित करने के बाद शव पर एसिड डाल दिया। इसके बाद दुकान से सोने के गहने और करीब तीन लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, विकास दास बुधवार रात दुकान बंद करने के बाद एक ग्राहक का इंतजार कर रहे थे, जिसे गिरवी रखे सोने के गहने छुड़ाने थे। रात करीब 10:15 बजे एक स्थानीय व्यवसायी से सूचना मिलने पर परिजन दुकान पहुंचे तो विकास खून से लथपथ पड़े मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी। उनका कहना है कि विकास का कुछ लोगों पर पैसा बकाया था और उन्हीं लोगों ने हिसाब-किताब करने के बहाने उन्हें देर रात तक दुकान में रुकने के लिए कहा था। परिवार का दावा है कि इसी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया गया। मृतक के भाई ने बताया कि विकास रोज रात करीब नौ बजे तक घर लौट आते थे, लेकिन घटना वाले दिन देर रात तक नहीं पहुंचे। सूचना मिलने पर परिवार दुकान पहुंचा तो वहां दिल दहला देने वाला मंजर था। पुलिस ने हत्या, लूट और कारोबारी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और हालिया संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।