उत्तर 24 परगना : साइबर ठगों ने रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाते हुए 2.21 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को बीमा कंपनी का एजेंट बताकर पॉलिसीधारक से अलग-अलग किस्तों में रुपये ट्रांसफर करवाए। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई। जानकारी के अनुसार, चांदुआ निवासी रंजीत प्रसाद ने जेटिया थाने में अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उन्होंने वर्ष 2015 में रिलायंस लाइफ इंश्योरेंस की एक पॉलिसी ली थी। जनवरी 2026 में उनके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को उनकी पॉलिसी से जुड़ा एजेंट बताया। आरोपी ने विभिन्न बहानों से उन्हें रुपये जमा करने के लिए कहा। उसके निर्देश पर रंजीत ने 13 जनवरी से 17 जून 2026 के बीच कुल 12 बार में 2,21,617 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में उन्हें ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस में भी मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।