बैरकपुर : सजल धारा परियोजना की राशि के कथित गबन और लोगों की जमीन पर अवैध कब्जा कराने के आरोप में जेठिया थाना पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के चार नेताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बैरकपुर-1 पंचायत समिति के पूर्व कर्माध्यक्ष मिलन घोष, जेठिया ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान कानू सरकार, सुमंत घोष और सुमन आतर्थी शामिल हैं। पुलिस ने गुरुवार को चारों आरोपियों को सात दिन की पुलिस हिरासत की मांग के साथ बैरकपुर अदालत में पेश किया। पुलिस का आरोप है कि चारों ने आपसी साठगांठ कर सरकारी योजना की करोड़ों रुपये की राशि का गबन किया और स्थानीय लोगों की जमीन पर अवैध कब्जा कराने में भी भूमिका निभाई। शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। अदालत ले जाने के दौरान थाने के बाहर मौजूद लोगों ने आरोपियों के खिलाफ 'चोर-चोर' के नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखते हुए उन्हें अदालत पहुंचाया।