कोलकाता : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की ‘गेरुआ सम्मान यात्रा’ से पहले जादवपुर विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। बुधवार को गोलपार्क से जादवपुर तक प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर जादवपुर विश्वविद्यालय के चार गेट शाम 4 बजे से बंद रहेंगे। इस संबंध में विश्वविद्यालय के कार्यवाहक रजिस्ट्रार सेलिम बॉक्स मंडल ने मंगलवार को आपातकालीन नोटिस जारी किया।
नोटिस के अनुसार, 9 सितंबर को शाम 4 बजे से राजा एससी मल्लिक रोड पर आवाजाही बंद रहेगी। इसके चलते इस सड़क से जुड़े विश्वविद्यालय के गेट नंबर 2, 3, 4 और 5 भी बंद रहेंगे। करीब तीन घंटे तक इन गेटों से विश्वविद्यालय में प्रवेश या निकासी नहीं हो सकेगी। इस दौरान सभी को गेट नंबर 1 का इस्तेमाल करने को कहा गया है।
हालांकि, विश्वविद्यालय के नोटिस में सड़क बंद करने की वजह स्पष्ट नहीं की गयी है। वहीं, उसी दिन जादवपुर के 8बी बस स्टैंड के पास भाजपा की ओर से ‘गेरुआ सम्मान यात्रा’ का आयोजन किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री के शामिल होने की बात है। ऐसे में सुरक्षा कारणों से सड़क और विश्वविद्यालय के गेट बंद किये जाने की चर्चा है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में जादवपुर विश्वविद्यालय राजनीतिक और छात्र गतिविधियों को लेकर लगातार चर्चा में रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री की जादवपुर तक प्रस्तावित यात्रा को लेकर राजनीतिक हलकों में भी नजरें टिकी हैं।