पश्चिम बंगाल

चार घड़ियां, चार अलग-अलग समय : बनगांव का क्लॉक टावर बना लोगों की परेशानी का कारण

कहीं 12 बजे, कहीं 2 और कहीं 4 बजे का समय, एक घड़ी पूरी तरह बंद

बनगांव : बनगांव के मतिगंज इलाके में स्थित क्लॉक टावर इन दिनों सही समय बताने के बजाय लोगों को भ्रमित कर रहा है। टावर के चारों दिशाओं में लगी घड़ियां अलग-अलग समय दिखा रही हैं। एक घड़ी में 12 बजे हैं, दूसरी में 2 बजे, तीसरी में 4 बजे, जबकि चौथी पूरी तरह बंद पड़ी है। इस विचित्र स्थिति के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी काफी परेशानी हो रही है। मतिगंज बनगांव का एक व्यस्त और जनबहुल इलाका है। यहां से गुजरने वाले कई लोग समय जानने के लिए क्लॉक टावर की ओर देखते हैं और अपनी घड़ियों का समय भी इससे मिलाते हैं। मगर चारों ओर अलग-अलग समय दिखाई देने से लोगों के सामने यह समझना मुश्किल हो जाता है कि सही समय कौन-सा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि क्लॉक टावर की घड़ियों में खराबी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। सरकार बदलने से पहले भी इस मुद्दे को लेकर कई बार आवाज उठाई गई थी, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। लोगों का कहना है कि गलत समय के कारण कई बार उन्हें जरूरी कामों और निर्धारित समय पर पहुंचने में भी परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द चारों घड़ियों को ठीक कराने की मांग की है। उनका कहना है कि व्यस्त इलाके में स्थित इस क्लॉक टावर को सही ढंग से संचालित किया जाना चाहिए, ताकि आम लोगों को समय जानने में दिक्कत न हो। इस संबंध में बनगांव नगर पालिका के चेयरमैन दिलीप मजूमदार ने बताया कि क्लॉक टावर की मरम्मत का काम जल्द शुरू किया जाएगा। उनके अनुसार, टावर के निर्माण के समय से ही कुछ तकनीकी खामियां थीं। विशेषकर बारिश के दौरान घड़ियों के अंदर पानी घुसने से बार-बार खराबी उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने बताया कि घड़ियों के रखरखाव की जिम्मेदारी संभालने वाली संस्था को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। जल्द ही संबंधित संस्था मरम्मत का काम शुरू करेगी।

SCROLL FOR NEXT