सांके‌तिक फोटो  
पश्चिम बंगाल

सरकारी राहत सामग्री घर में रखने के आरोप में पूर्व चेयरमैन गिरफ्तार

उत्तर 24 परगना : सरकारी राहत सामग्री घर में रखने के आरोप में गोबरडांगा नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन सुभाष दत्त को गोबरडांगा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके घर के गैरेज से कंबल, कपड़े, बाल्टी समेत बड़ी मात्रा में राहत सामग्री बरामद होने के बाद यह कार्रवाई की गयी। पुलिस ने सामग्री जब्त कर थाने ले गयी है। पुलिस के अनुसार सुभाष दत्त के घर के बाहर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि जरूरतमंदों में बांटने के लिए मिली सरकारी राहत सामग्री लंबे समय से उनके घर में रखी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान गैरेज से सामान बरामद किया। इसके बाद पूर्व चेयरमैन को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, सुभाष दत्त ने आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्हें नहीं पता कि पुलिस ने उन्हें किस वजह से गिरफ्तार किया है। उन्होंने दावा किया कि लंबे समय तक पार्षद रहने के कारण उनके घर पर राहत सामग्री का रखा होना असामान्य नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि शारीरिक अस्वस्थता के कारण वह कुछ समय से बाहर थे। गौरतलब है कि सुभाष दत्त 2010 से 2020 तक गोबरडांगा नगरपालिका के चेयरमैन रहे थे। वह तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चेयरमैन बने थे। बाद में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया, जिसके बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में वार्ड नंबर छह से चुनाव जीतकर पार्षद का पद संभाला था। कुछ महीनों बाद वह फिर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए।


SCROLL FOR NEXT