प्रतीकात्मक तस्वीर प्रतीकात्मक तस्वीर
पश्चिम बंगाल

जमाई षष्ठी की हो रही तैयारी के बीच घर में लगी आग

बनगांव के खासपाड़ा में हादसा, फर्नीचर समेत घर का सामान खाक

बनगांव : जमाई षष्ठी के अवसर पर उत्सव की तैयारियों में जुटे एक परिवार की खुशियां एक हादसे के कारण दहशत में तब्दील हो गईं। रविवार दोपहर बनगांव थाना क्षेत्र के कुटी बाड़ी खासपाड़ा इलाके में गैस सिलेंडर बदलने के दौरान अचानक आग लगने से घर का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। परिवार के अनुसार, चार दामादों के स्वागत के लिए भोजन की तैयारी चल रही थी। जानकारी के अनुसार, सास-ससुर के बुजुर्ग होने के कारण खाना बनाने की जिम्मेदारी दामादों ने अपने हाथ में ले रखी थी। अधिकांश खाना तैयार हो चुका था, तभी गैस सिलेंडर खत्म हो गया। नया सिलेंडर लगाकर जैसे ही चूल्हा जलाया गया, रसोई में अचानक आग भड़क उठी। परिजनों और पड़ोसियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते लपटों ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संकरी गलियों के कारण आग तक पानी पहुंचाने में शुरुआती दिक्कतें आईं। इस बीच घर के फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गैस सिलेंडर को घर के पास स्थित तालाब में फेंक दिया, जिससे बड़ा विस्फोट टल गया। घंटों की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।


SCROLL FOR NEXT