पश्चिम बंगाल

करंट से मौत के मामले में पूर्व विधायक और उनके पुत्र पर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

दो साल पुराने करंट से मौत मामले में परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत

बैरकपुर : उत्तर 24 परगना के पानीहाटी नगरपालिका क्षेत्र स्थित सुखचर राजा रोड में वर्ष 2024 में करंट लगने से हुई एक व्यक्ति की मौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। मृत गोपाल बर्मन के परिजनों ने तत्कालीन विधायक निर्मल घोष, उनके पुत्र तीर्थंकर घोष और कुछ अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि 27 मई 2024 को बीटी रोड के किनारे कथित रूप से अवैध बिजली हुकिंग के लिए खींचे गए तार की चपेट में आने से गोपाल बर्मन की मौके पर ही मौत हो गई थी। उनका कहना है कि हादसे के बाद जब वे खड़दह थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे तो उन्हें ऐसा करने से रोका गया और विभिन्न तरह की धमकियां भी दी गईं। मृतक के परिवार का यह भी दावा है कि उस समय तत्कालीन विधायक की ओर से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक न तो कोई आर्थिक सहायता मिली और न ही कोई ठोस कदम उठाया गया। परिजनों के अनुसार, उस समय की राजनीतिक परिस्थितियों और भय के माहौल के कारण वे कानूनी कार्रवाई करने का साहस नहीं जुटा सके। अब राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद गोपाल बर्मन के परिजनों ने बैरकपुर अदालत और खड़दह थाने में पूर्व विधायक के पुत्र तीर्थंकर घोष समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT