पश्चिम बंगाल

हालीशहर में बंद सरकारी स्कूल में परिवार का डेरा, अवैध कब्जे के आरोप से हंगामा

भाजपा ने उठाए सवाल, स्कूल खाली कराकर दोबारा पढ़ाई शुरू कराने की मांग

Priti Yadavv

उत्तर 24 परगना : जिले के हालीशहर नगरपालिका के वार्ड नंबर 12 में बंद पड़े सरकारी स्कूल की इमारत को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि विपिन बिहारी जूनियर हाई स्कूल के बंद होने के बाद उसके कमरों में एक परिवार लंबे समय से रह रहा है। मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रहलाद चंद्र नंदी ने स्कूल बंद होने के बाद अपने परिवार के साथ स्कूल के कमरों में डेरा जमा लिया। लोगों का दावा है कि राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर उन्हें वहां रहने की सुविधा मिली थी। हालांकि, प्रहलाद नंदी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नगरपालिका की अनुमति के बाद ही वह वहां रह रहे हैं। प्रहलाद नंदी के मुताबिक, शुरुआत में स्कूल भवन में बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं थीं। उनका दावा है कि बाद में नगरपालिका की ओर से टैक्स लेकर वहां रहने की व्यवस्था की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्होंने स्कूल पर कोई अवैध कब्जा नहीं किया है। मामले को लेकर भाजपा नेता रविशंकर सिंह ने नगरपालिका की भूमिका पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि किसी सरकारी स्कूल की इमारत में किसी व्यक्ति को रहने की अनुमति देना गंभीर मामला है। उन्होंने मामले को स्थानीय विधायक के संज्ञान में लाने और भवन को कब्जामुक्त कराकर स्कूल दोबारा शुरू कराने की मांग की।

SCROLL FOR NEXT