सांकेतिक फोटो  
पश्चिम बंगाल

मोबाइल टावर लगाने का झांसा देकर बुजुर्ग से 30.72 लाख की साइबर ठगी, चार गिरफ्तार

बशीरहाट : मोबाइल टावर लगाने के बदले हर महीने मोटा किराया मिलने का लालच देकर 71 वर्षीय बुजुर्ग से 30.72 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद बशीरहाट साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राणा सरदार, पल्लवी राय, विश्वजीत राजवंशी और सुरजीत घोष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी की कुछ रकम भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मोबाइल टावर लगाने के नाम पर बुजुर्ग को अपने जाल में फंसाया। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, सिक्योरिटी और अन्य खर्चों का हवाला देकर अलग-अलग चरणों में उनसे कुल 30,72,000 रुपये ले लिए गए। काफी समय बीतने के बाद भी जब टावर नहीं लगा तो बुजुर्ग को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने बागुईआटी और साल्टलेक इलाके में छापेमारी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


SCROLL FOR NEXT