घोला थाने के आईसी की चेतावनी
महिलाओं से बदसलूकी करने वालों पर भी रहेगी पुलिस की नजर
प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
बैरकपुर :
दुर्गापूजा के दौरान शराब पीकर अशांति फैलाने और महिलाओं के साथ बदसलूकी करने वालों के खिलाफ घोला पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पानीहाटी लोकसंस्कृति भवन में पूजा कमेटियों के साथ आयोजित समन्वय बैठक में घोला थाने के आईसी राजकुमार सरकार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में विभिन्न पूजा कमेटियों के प्रतिनिधियों के साथ घोला थाने के अन्य पुलिस अधिकारी भी मौजूद थे। आईसी ने कहा कि पूजा के दौरान लोग शांतिपूर्ण तरीके से उत्सव मनाएं। खासकर महिलाओं की मौजूदगी वाले स्थानों पर किसी तरह की अभद्रता या हंगामा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाया जाएगा, चाहे वह आम व्यक्ति हो या पूजा कमेटी का सदस्य। उन्होंने विसर्जन को लेकर भी पूजा कमेटियों को सतर्क किया। आईसी ने कहा कि विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहेंगी, इसलिए किसी के साथ दुर्व्यवहार या अशांति की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दिन वह खुद सड़क पर मौजूद रहेंगे और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ मौके पर कार्रवाई की जाएगी।