पश्चिम बंगाल

दुर्गापुर बैराज ने 51750 क्यूसेक पानी छोड़ा

Sanmarg Print
दामोदर का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा फोटो दुर्गापुर बैराज इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता दुर्गापुर : पश्चिम बंगाल और झारखंड में हुई मूसलधार बारिश के बाद नदियों तथा जलाशयों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गुरुवार शाम 5 बजे तक दुर्गापुर बैराज से 51750 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस बड़े पैमाने पर पानी छोड़े जाने के कारण दामोदर नदी और उसके आसपास के निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है। वहीं संबंधित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त, दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) ने भी अपने प्रमुख जलाशयों से पानी छोड़ा है। मैथन और पंचेत डैम से पानी छोड़ा गया है। वहीं पिछले 24 घंटों से झारखंड और पश्चिम बंगाल में रुक-रुक कर हो रही मूसलधार बारिश के कारण कई नदियों तथा नालों का जलस्तर काफी बढ़ गया है, जिससे उनके किनारे स्थित कई इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। यहां तक कि खेतों में भी इस कदर पानी भर गया कि नदियों और तालाबों जैसे दिख रहे हैं। अगर फिर से मूसलधार बारिश हुई तो हालात बिगड़ने की आशंका बढ़ जाएगी। वहीं जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने दामोदर नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आपातकालीन सेवाओं को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटा जा सके।
SCROLL FOR NEXT