सिलीगुड़ी : नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के निर्देशों के बावजूद नदी से कथित तौर पर अवैध रूप से बालू ले जाने के आरोप में नक्सलबाड़ी थाना पुलिस ने एक डंपर जब्त किया है। पुलिस ने पानीघाटा मोड़ पर बालू लदे डंपर को रोककर जांच की। आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपित की पहचान बिहार के किशनगंज निवासी मसरिकुल आलम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पानीघाटा मोड़ पर जांच के दौरान डंपर को रोका गया था। डंपर में बालू लदा हुआ था। बालू के परिवहन से संबंधित आवश्यक कागजात चालक से मांगे गये, लेकिन वह पुलिस के समक्ष वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने डंपर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मामला कथित अवैध बालू कारोबार से जुड़ा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बालू कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था।गिरफ्तार आरोपित को गुरुवार को सिलीगुड़ी सब-डिविजनल कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध बालू के कारोबार और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।