रामबालक, दक्षिण 24 परगना
दक्षिण 24 परगना : सोनारपुर थाना क्षेत्र में AI के दुरुपयोग की खौफनाक मिसाल सामने आई है। कक्षा दसवीं की एक छात्रा ने अपने मामा के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार का आरोप है कि इलाके का ही एक परिचित युवक छात्रा से पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती हुआ था। उसने छात्रा की साधारण तस्वीरें हासिल कीं और फिर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित टूल्स की मदद से उसकी फर्जी अश्लील (न्यूड) तस्वीरें तैयार कर दीं। इसके बाद इन तस्वीरों व वीडियो को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल कर दिया। इस घटना के बाद छात्रा पूरी तरह टूट गई थी। वह पिछले कई दिनों से स्कूल नहीं जा रही थी, घर में अकेले रहती थी और चुपचाप रोती रहती थी। गुरुवार रात करीब 11 बजे जब परिजनों ने बार-बार आवाज देने के बावजूद कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से झांककर देखा। छात्रा पंखे से लटकी हुई थी। चीख-पुकार मच गई। पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की मां ने आंसुओं और गुस्से के बीच कहा, “मेरी बेटी को बदनाम करके मार डाला गया। आरोपी ने AI से फोटो बनाकर उसकी इज्जत लूट ली। मैं चाहती हूं दोषियों को फांसी की सजा मिले।” परिवार ने कुछ पड़ोसियों पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है। शुक्रवार सुबह परिजनों ने सोनारपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साइबर क्राइम सेल की टीम वायरल तस्वीरों के सोर्स, इस्तेमाल किए गए AI टूल और सोशल मीडिया अकाउंट्स की गहन जांच कर रही है। अभी तक इस माामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई हैं।