राम बालक, सन्मार्ग संवाददाता
डायमंड हार्बर : फलता चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी में बड़ा राजनीतिक संकट खड़ा हो गया है। अब तक पार्टी द्वारा पेश किये जा रहे ‘डायमंड हार्बर मॉडल’ भी असफल होता दिख रहा है। रविवार को चुनाव परिणाम आने के बाद फलता में भाजपा का उत्साह बढ़ गया। इसके 24 घंटे के भीतर ही डायमंड हार्बर पालिका के 8 तृणमूल पार्षदों ने इस्तीफा दे दिया, जिससे पूरे पालिका बोर्ड के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। सोमवार को इन सभी 8 पार्षदों ने अपना इस्तीफा नगरपालिका के चेयरमैन प्रणव दास को सौंप दिया। 16 वार्ड वाली इस पालिका में 8 पार्षदों के इस्तीफा देने से बोर्ड अल्पमत में आ गया है। बताया जा रहा है कि 6 और 14 नंबर वार्ड के दो अन्य पार्षद भी ऑनलाइन इस्तीफा देने की तैयारी में हैं। यदि ऐसा होता है तो 16 सदस्यीय तृणमूल संचालित पालिका बोर्ड पूरी तरह भंग होने की स्थिति में आ सकता है। हालांकि 2022 में डायमंड हार्बर पालिका चुनाव हुए थे और अगला चुनाव 2027 में प्रस्तावित है, लेकिन कार्यकाल पूरा होने से पहले ही बोर्ड के टूटने की आशंका से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। डायमंड हार्बर के पालिका के चेयरमैन ने पुष्टि की है कि उन्होंने 8 पार्षदों का इस्तीफा स्वीकार कर मामले की जानकारी उच्च नेतृत्व को दे दी है।