सड़क मरम्मत की मांग को लेकर प्रदर्शन करती महिलाएं 
पश्चिम बंगाल

टाकी में बदहाल सड़क के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन

आरोप : 15 वर्षों से जर्जर और बदहाल पड़ी है सड़क

सड़क जाम कर स्थानीय महिलाओं ने भी किया विरोध-प्रदर्शन

बशीरहाट : बशीरहाट स्थित टाकी नगरपालिका के वार्ड नंबर 12 और 16 में लंबे समय से सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज स्थानीय लोगों ने शनिवार को विनोद कॉलोनी इलाके में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की। स्थानीय लोगों के अनुसार, विनोद कॉलोनी से सुभाष कॉलोनी तक करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क पिछले 15 वर्षों से जर्जर है। जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण बारिश में जलजमाव की स्थिति बन जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं और कई लोग हादसों का शिकार हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए नगरपालिका अध्यक्ष और संबंधित वार्ड पार्षदों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में भी काफी दिक्कत होती है। प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत शुरू नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।


SCROLL FOR NEXT