सांकेतिक फोटो  
पश्चिम बंगाल

बारासात में खाल से सड़ा-गला शव बरामद

हत्या की आशंका, पुलिस ने शुरू की जांच

बारासात : उत्तर 24 परगना के बारासात स्थित बामनगाछी के नित्यानंद सरणी इलाके में शनिवार की सुबह एक खाल से सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, हल्की बारिश के बाद बामनगाछी रेलवे लाइन से सटे खाल और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या बढ़ गई थी। स्थानीय लोगों की मांग पर पंचायत ने शनिवार की सुबह जेसीबी मशीन से खाल की सफाई शुरू कराई। सफाई के दौरान मजदूरों की नजर खाल में पड़े एक सड़े-गले शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। प्राथमिक अनुमान है कि शव करीब दो महीने या उससे अधिक समय से खाल में पड़ा था। शव पूरी तरह गल चुका है, जिससे उसकी पहचान करना फिलहाल संभव नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में इलाके से किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना नहीं मिली है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि मृतक किसी अन्य क्षेत्र का हो सकता है। इस बीच भाजपा नेता देवाशीष विश्वास ने घटना को हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

SCROLL FOR NEXT