बार्बिक्यू के दौरान अचानक भड़की आग, CCTV में कैद हुआ हादसा। 
पश्चिम बंगाल

दार्जिलिंग में बार्बिक्यू के दौरान नवविवाहिता आग की चपेट में, CCTV में कैद हादसा

सिटोंग के रिसॉर्ट में अचानक भड़की आग, पति समेत लोगों ने बचाने की कोशिश की

Tanisha Hirawat

दार्जिलिंग के सिटोंग में छुट्टियां मनाने पहुंचे एक नवविवाहित जोड़े के साथ बार्बिक्यू के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बार्बिक्यू की आग अचानक भड़कने से महिला उसकी चपेट में आ गई। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें महिला आग की लपटों से घिरी नजर आ रही है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला 13 सितंबर की रात का बताया जा रहा है। उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा निवासी दंपति सिटोंग घूमने पहुंचे थे। रिपोर्टों के मुताबिक उनकी शादी करीब दो महीने पहले हुई थी। बार्बिक्यू के दौरान दंपति आग के पास बैठे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने आग के पास किसी तरल पदार्थ को डाला। कुछ ही सेकंड में आग अचानक तेज हो गई और उसकी लपटें महिला तक पहुंच गईं।

CCTV फुटेज में महिला के आग की चपेट में आने के बाद उसके पति को तुरंत उसकी ओर दौड़ते देखा जा सकता है। आग बुझाने की कोशिश में वहां मौजूद व्यक्ति ने अपनी टी-शर्ट उतारकर भी आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद वहां मौजूद कर्मचारियों और अन्य लोगों ने भी मदद की।

घायल महिला को पहले स्थानीय चिकित्सा केंद्र ले जाया गया और बाद में सिलीगुड़ी के अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ रिपोर्टों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके शरीर पर गंभीर रूप से जलने की चोटें आई हैं।

इस घटना के बाद होमस्टे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। महिला के पति ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद प्राथमिक उपचार और अस्पताल पहुंचाने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आग कैसे भड़की और बार्बिक्यू के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं।

पुलिस ने फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी है। आग में किस तरह का तरल पदार्थ डाला गया था और हादसे के पीछे पूरी परिस्थितियां क्या थीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

SCROLL FOR NEXT