जलपाईगुड़ी : तिस्ता की बोर्ली मछली की झोल, तुलाइपांजी चावल का भात, गंगारामपुर का दही और कोयले पर तैयार हांडी मटन—अब ये स्वाद जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन पर एक ही जगह मिलेंगे। स्टेशन के कोच रेस्टोरेंट में सोमवार से करीब 350 तरह के व्यंजन परोसे जाएंगे।परित्यक्त रेलवे कोच को ट्रेन के डिब्बे जैसा रूप देकर अत्याधुनिक एसी रेस्टोरेंट में तब्दील किया गया है। कोच के भीतर 60 और बाहर 40 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यात्रियों के साथ स्थानीय लोगों के लिए भी यहां खाने-पीने की विस्तृत व्यवस्था रहेगी।
रेस्टोरेंट में भात और बिरयानी से लेकर चाइनीज, स्टार्टर, डेजर्ट, नाश्ता, पकौड़े, मॉकटेल और विभिन्न बंगाली व्यंजनों के अलावा दक्षिण भारतीय भोजन भी उपलब्ध होगा। कोयले पर मौके पर तैयार हांडी मटन को विशेष आकर्षण बताया जा रहा है।आईआरसीटीसी की पहल पर निजी क्षेत्र के सहयोग से तैयार इस कोच रेस्टोरेंट को रायगंज के व्यवसायी प्रियब्रत दुबे ने विकसित किया है। उन्होंने बताया कि उत्तर बंगाल में इस तरह के कई कोच रेस्टोरेंट संचालित किए जा रहे हैं। परित्यक्त कोच को उत्तर बंगाल की जंगल संस्कृति और वन्यजीवों की तस्वीरों से सजाया गया है, जिससे रेस्टोरेंट को अलग पहचान मिली है।