फाइल फोटो  फाइल फोटो
पश्चिम बंगाल

चिंगड़ीघाटा मेट्रो प्रोजेक्ट : नहीं मिल रही है राज्य सरकार की अनुमति, इसलिए अटका काम

राज्यसभा में शमीक के सवाल पर रेल मंत्री ने दिया जवाब

कोलकाता : चिंगड़ीघाटा मेट्रो परियोजना को लेकर शुक्रवार को एक बार फिर सवाल उठाया गया। सांसद शमीक भट्टाचार्य ने राज्यसभा में इस लंबे समय से अटके काम को लेकर केंद्र सरकार से सवाल पूछे। जवाब में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने साफ शब्दों में कहा कि बंगाल सरकार की मंजूरी नहीं मिलने के कारण मेट्रो का अहम हिस्सा पिछले 10 महीनों से रुका हुआ है, जिससे पूरे प्रोजेक्ट की रफ्तार थम गई है। रेल मंत्री ने बताया कि बेलियाघाटा से गौरकिशोर घोष स्टेशन के बीच चिंगड़ीघाटा क्रॉसिंग पर सिर्फ तीन रातों के लिए 8 घंटे का ट्रैफिक डायवर्जन चाहिए, ताकि 366 मीटर का अधूरा हिस्सा पूरा किया जा सके। उनके मुताबिक, कोलकाता पुलिस ने फरवरी 2025 में वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था का भरोसा भी दिया था, लेकिन राज्य सरकार ने अब तक अंतिम मंजूरी नहीं दी। वैष्णव ने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद राज्य सरकार इस जरूरी अनुमति को रोक कर बैठी है, जिससे न्यू गरिया से एयरपोर्ट तक ऑरेंज लाइन का विस्तार अटका हुआ है। रेल मंत्री ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में कोलकाता मेट्रो नेटवर्क के विस्तार में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, लेकिन चिंगड़ीघाटा जैसे कुछ बिंदुओं पर राज्य सरकार के सहयोग के बिना काम आगे बढ़ना संभव नहीं हो पा रहा। दूसरी ओर, पिछले साल प्लेटफॉर्म के पिलर में दरार आने के कारण न्यू गरिया से सटे कवि सुभाष स्टेशन तक मेट्रो सर्विस अब भी बंद है। इस दौरान शमीक भट्टाचार्य ने कवि सुभाष स्टेशन को लेकर भी जानकारी ली। रेल मंत्रालय ने जवाब दिया कि ऑरेंज लाइन पर कवि सुभाष स्टेशन में कोई संरचनात्मक समस्या नहीं है।

SCROLL FOR NEXT