केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 
पश्चिम बंगाल

चुनाव के बाद भी बंगाल में 60 दिनों तक तैनात रहेंगे केंद्रीय सुरक्षा बल : शाह

उन्होंने मतदाताओं से चुनाव के अंतिम चरण में “दीदी के गुंडों” से डरे बिना मतदान करने की अपील की।

कोलकाता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद कम से कम 60 और दिन तक केंद्रीय सुरक्षा बल के जवान तैनात रहेंगे।उन्होंने मतदाताओं से चुनाव के अंतिम चरण में “दीदी के गुंडों” से डरे बिना मतदान करने की अपील की। शाह ने बेहला में रोड शो के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाइयों और बहनों, 29 तारीख को जाकर वोट दीजिए, गुंडों से डरने की जरूरत नहीं है। निर्वाचन आयोग ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं और मैं आपको बता दूं कि भाजपा के सत्ता में आने पर भी केंद्रीय बल यहां 60 दिन तक रहेंगे। यह रोड शो बेहला पूर्व और बेहला पश्चिम सीटों के भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार के अंतिम दिन आयोजित किया गया।

इस दौरान भाजपा समर्थक “जय श्री राम” तथा “भारत माता की जय” के नारे लगाते रहे। बाद में शाह ने हुगली जिले के चंदननगर में भी एक और भव्य रोड शो किया, जिसमें भारी भीड़ उमड़ी। इस मौके पर गृह मंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा के पक्ष में जबरदस्त लहर है और सत्ता में आने के बाद पार्टी “सभी घुसपैठियों" और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि चार मई के बाद दोषियों को सजा दी जाएगी। रोड शो के बाद शाह ने दावा किया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि चार मई के बाद किसी को भी बहुविवाह की अनुमति नहीं दी जाएगी।

SCROLL FOR NEXT