पश्चिम बंगाल

निर्मल घोष की गिरफ्तारी पर पानीहाटी में जश्न

ढोल की थाप पर थिरके लोग, तस्वीर पर जूतों की माला पहनाकर जताया विरोध

पानीहाटी : आरजी कर मामले में पूर्व तृणमूल विधायक निर्मल घोष की गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही पानीहाटी में लोगों का गुस्सा और खुशी दोनों सड़कों पर दिखाई दिए। स्थानीय लोगों ने ढोल बजाकर नाचते हुए गिरफ्तारी का जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने निर्मल घोष की तस्वीर पर जूतों की माला पहनाकर और कीचड़ लगाकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि गिरफ्तारी के बाद अब मामले में दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाए और फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्मल घोष के कार्यकाल के दौरान इलाके की महिलाओं समेत आम लोगों को लंबे समय तक परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसी वजह से उनकी गिरफ्तारी को लेकर लोगों में आक्रोश के साथ-साथ संतोष भी नजर आया। गिरफ्तारी की खबर मिलते ही कई जगहों पर लोग एकत्र हुए और ढोल की थाप पर नाचते हुए मिठाई बांटी। कुछ लोगों ने अबीर लगाकर भी खुशी जाहिर की। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि आरजी कर की घटना में जिस तरह पीड़िता की हत्या हुई, उसमें निर्मल घोष की भूमिका की जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषियों को उदाहरणात्मक सजा मिलनी चाहिए। साथ ही मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई। गौरतलब है कि आरजी कर मामले में पीड़िता के शव का जल्द अंतिम संस्कार किए जाने को लेकर भी सवाल उठे थे। आरोप लगाया गया था कि अंतिम संस्कार में जल्दबाजी कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई और परिवार की सहमति व हस्ताक्षर के बिना प्रक्रिया पूरी की गई। इस मामले में पानीहाटी के पूर्व विधायक निर्मल घोष, वार्ड नंबर 17 के पार्षद सोमनाथ दे और पूर्व पार्षद संजीव मुखोपाध्याय के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी।

SCROLL FOR NEXT