पश्चिम बंगाल

सरकारी जमीन पर 10 वर्षों से चल रहा बस गैराज सील

मेट्रो परियोजना के लिए आवंटित करीब चार एकड़ जमीन पर था कथित अवैध कब्जा

कार्रवाई के दौरान परिसर में मिलीं 17 बसें

कमरहट्टी : सरकारी जमीन पर कथित तौर पर कब्जा कर लगभग 10 वर्षों से संचालित किए जा रहे एक निजी बस गैराज और सर्विसिंग सेंटर को मंगलवार को प्रशासन ने सील कर दिया। बैरकपुर के महकमा शासक के निर्देश पर कमरहट्टी नगरपालिका, दक्षिणेश्वर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। बताया गया है कि दमदम-दक्षिणेश्वर मेट्रो विस्तार परियोजना के लिए राज्य सरकार ने करीब चार एकड़ जमीन मेट्रो प्राधिकरण को उपलब्ध कराई थी। बेलघरिया एक्सप्रेसवे के किनारे और दक्षिणेश्वर मेट्रो स्टेशन के समीप स्थित इस भूखंड पर मेट्रो का काम पूरा होने के बाद जमीन खाली पड़ी थी। आरोप है कि बाद में एक निजी लंबी दूरी की बस कंपनी ने इस स्थान पर शेड बनाकर गैराज और सर्विसिंग सेंटर शुरू कर दिया। समय के साथ वहां बसों की मरम्मत और रखरखाव के अलावा कार्यालय, स्टोररूम समेत अन्य ढांचे भी खड़े कर दिए गए।

स्थानीय लोगों ने लगातार की थी शिकायत

इस मामले को लेकर स्थानीय निवासी लंबे समय से प्रशासन के समक्ष शिकायत कर रहे थे। स्थानीय भाजपा नेताओं के अलावा कमरहट्टी के पूर्व माकपा विधायक मानस मुखोपाध्याय ने भी इस मुद्दे को उठाया था। करीब एक महीने पहले कमरहट्टी नगरपालिका के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया था। इसके बाद नगरपालिका की ओर से विभिन्न प्रशासनिक विभागों को पत्र भेजकर सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की गई। बताया जाता है कि इस भूखंड पर कॉलेज और आधुनिक बस टर्मिनल विकसित करने का प्रस्ताव भी दिया गया था। प्रशासन ने जमीन की मापी कराने के बाद संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की। जगह खाली करने के लिए कई बार समय भी दिया गया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद गैराज नहीं हटाया गया। इसके बाद मंगलवार को कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को सील कर दिया गया।

परिसर में मिलीं 17 लंबी दूरी की बसें

बैरकपुर के महकमा शासक यादव सूर्यभान अच्चेलाल ने कहा कि पूरी कार्रवाई कानून के दायरे में की गई है और संबंधित पक्ष को पहले कई अवसर दिए गए थे। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, डिप्टी मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर सरकारी जमीन को अपने कब्जे में लिया। कार्रवाई के दौरान गैराज परिसर में 17 लंबी दूरी की बसें, दो स्टोररूम, एक कार्यालय और एक अन्य वाहन मौजूद था। सभी वाहनों और सामान को सील किए गए परिसर के भीतर ही रखा गया है।


SCROLL FOR NEXT