सांकेतिक फोटो  
पश्चिम बंगाल

गहना तस्करी रोकने पर बीएसएफ जवान पर हमला, हथियार छीनने की कोशिश

तीन गिरफ्तार

बशीरहाट : भारत-बांग्लादेश सीमा पर चांदी के गहनों की तस्करी रोकने पहुंचे बीएसएफ जवान पर तस्करों ने हमला कर दिया। आरोप है कि तस्करों ने जवान के साथ मारपीट करने के साथ उसका हथियार छीनने का भी प्रयास किया। घटना उत्तर 24 परगना के स्वरूपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दोहरकंदा सीमावर्ती इलाके में बुधवार देर रात हुई। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के अनुसार, आधी रात के समय कुछ लोग चांदी के गहनों की खेप को अवैध रूप से सीमा पार पहुंचाने के इरादे से इलाके में जमा हुए थे। गश्त कर रहे एक बीएसएफ जवान की नजर उन पर पड़ गई। संदिग्ध गतिविधियां देख जवान ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। जवान की आवाज सुनकर आसपास मौजूद अन्य बीएसएफ कर्मी मौके पर पहुंच गए। सुरक्षाबलों को आता देख आरोपी भागने लगे, लेकिन यूसुफ दफादार नामक एक व्यक्ति को जवानों ने पकड़ लिया। उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बीएसएफ ने यूसुफ को स्वरूपनगर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने इस मामले से जुड़े दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को बशीरहाट महकमा अदालत में पेश किया है। घटना में शामिल फरार तस्करों और उनके नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।


SCROLL FOR NEXT