पश्चिम बंगाल

पूर्व विधायक निर्मल घोष के घर के बाहर देर रात बमबाजी

चेहरा ढंक कर पहुंचे बदमाशों ने लगातार फेंके बम

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

पानीहाटी : पानीहाटी में शनिवार देर रात पूर्व तृणमूल विधायक निर्मल घोष के घर के बाहर बमबाजी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार बदमाशों ने घर के बाहर लगातार दो बम फेंके। दोनों बम मौके पर ही फट गए। बदमाशों ने चेहरे ढंक रखे थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान एक जिंदा बम बरामद किया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमाकों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए, जबकि निर्मल घोष का परिवार सहम गया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। निर्मल घोष के परिवार के एक सदस्य ने बताया कि धमाके के वक्त सभी घर के अंदर थे। चारों ओर धुआं फैल जाने के कारण यह पता नहीं चल सका कि कितने हमलावर थे और वे किस दिशा में भागे। गौरतलब है कि निर्मल घोष लंबे समय तक पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 2026 के विधानसभा चुनाव में घोष की बजाय तृणमूल ने उनके बेटे तीर्थंकर घोष को उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, उन्हें भाजपा की रत्ना देवनाथ से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन हुआ और कुछ समय तक निर्मल घोष सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए। हाल ही में उन्हें लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी हुई थीं। इसी बीच लॉटरी घोटाले के आरोप में उनके बेटे तीर्थंकर घोष की गिरफ्तारी हुई थी। इन घटनाक्रमों के बीच अब उनके आवास के बाहर हुई बमबाजी ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


SCROLL FOR NEXT