सांकेतिक फोटो  
पश्चिम बंगाल

जमीन विवाद के बीच घर के बाहर मिला महिला का रक्तरंजित शव

गले पर धारदार हथियार के निशान

हासनाबाद : उत्तर 24 परगना के हासनाबाद में शुक्रवार की सुबह घर के बाहर 50 वर्षीय महिला का रक्तरंजित शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिलने की बात सामने आई है। घटना के पीछे पुराने जमीन विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान खादिजा बीबी के रूप में हुई है। वह हासनाबाद थाना क्षेत्र के अमलानी ग्राम पंचायत की निवासी थी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार खादिजा के पति मोशारफ शेख का पड़ोसी अकबर शेख के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में करीब एक वर्ष पहले मोशारफ जेल गया था और फिलहाल जेल में है। बताया गया कि खादिजा अपने छोटे बेटे की पत्नी और पोती के साथ रहती थी। गुरुवार रात छोटी बहू घर पर नहीं थी। खादिजा अपनी पोती के साथ घर में सोई थीं। शुक्रवार की सुबह घर के सामने महिला का शव पड़ा देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। शरीर पर खून के निशान और गले पर चोट के निशान देखकर हत्या की आशंका जताई गई। हालांकि, वारदात में किसका हाथ है और हत्या की वास्तविक वजह क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

SCROLL FOR NEXT