कोलकाता : कोलकाता के साल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने पार्टी की बहुप्रतीक्षित “परिवर्तन यात्रा” की विस्तृत रूपरेखा पेश की। उन्होंने कहा कि 34 वर्षों के वाम शासन के बाद बंगाल ने बदलाव का रास्ता चुना था, ताकि लोकतंत्र की पुनर्स्थापना हो और कैडर राज का अंत किया जा सके। जनता ने विकास और वामपंथी आतंक के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस पर भरोसा जताया, लेकिन पिछले 15 वर्षों में सरकार जनता को जवाब देने में पूरी तरह विफल रही है। शमीक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि आज राज्य में लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हो रहा है और भ्रष्टाचार तृणमूल सरकार की पहचान बन चुका है। सीमांत, ग्रामीण और अल्पसंख्यक समाज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। इसी बदलाव की लहर को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा 9 परिवर्तन यात्राएं शुरू कर रही है। ये यात्राएं 1 और 2 मार्च से शुरू होंगी। 1 मार्च को कूचबिहार दक्षिण, कृष्णनगर दक्षिण, गड़बेटा, रायदीघी और कुल्टी से यात्राएं निकलेंगी, जबकि 2 मार्च को इस्लामपुर, संदेशखाली, हासान और आमता से यात्राएं प्रारंभ होंगी। 3 और 4 मार्च को दोल यात्रा के कारण कार्यक्रम स्थगित रहेगा। इसके बाद 5 से 10 मार्च तक 5000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करते हुए हर विधानसभा क्षेत्र में यह अभियान पहुंचेगा। इस दौरान 60 बड़ी और 300 से अधिक छोटी जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। यात्रा का नेतृत्व नीलांजन राय करेंगे और समन्वयक की भूमिका रितेश तिवारी निभाएंगे। हर विधानसभा क्षेत्र में टैब्लो और व्यापक प्रचार अभियान चलाया जाएगा। यात्रा का समापन मार्च के अंत में ब्रिगेड मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा के साथ होगा। विभिन्न चरणों में केंद्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी और धर्मेंद्र प्रधान सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।