Modi 
पश्चिम बंगाल

बंगाल में भाजपा का हाई-वोल्टेज प्लान, मोदी का अंतिम रोड शो भवानीपुर में होने के संकेत

अगले सप्ताह सांगठनिक तैयारियों के लिए कोलकाता दौरे पर आ सकते हैं नितिन नवीन

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपने चुनावी अभियान को तेज करते हुए रणनीतिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 24 से 26 मार्च के बीच राज्य के दौरे पर आ सकते हैं। इस दौरान वे संगठनात्मक मजबूती का आकलन करने के साथ राज्य के पांच जोनल नेतृत्व के साथ मैराथन बैठकें करेंगे, ताकि चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके। इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चुनावी कार्यक्रम को लेकर भी पार्टी के भीतर मंथन तेज हो गया है। सूत्रों का दावा है कि दूसरे चरण के मतदान से पहले कोलकाता में उनका बड़ा रोड शो आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि इस रोड शो को लेकर शुरुआती स्तर पर ही एक अहम फैसला हो चुका है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मोदी का चुनावी अभियान का अंतिम रोड शो भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा होगा। यह वही सीट है जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ हैं और इस बार यहां विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी भी मैदान में हैं। ऐसे में यह सीट राजनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है। राज्य में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान होना है। दूसरे चरण से पहले 24 से 27 अप्रैल के बीच कोलकाता और दक्षिण बंगाल में प्रचार चरम पर रहेगा। इसी दौरान मोदी का रोड शो प्रस्तावित है, जिसका रूट और अंतिम स्वरूप सुरक्षा एजेंसियों और एसपीजी क्लीयरेंस के बाद तय किया जाएगा। भाजपा इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले को निर्णायक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।

SCROLL FOR NEXT