कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर जारी अटकलों के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी ने इस मुद्दे पर कोई फैसला नहीं लिया है और वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा उनके ‘‘विकास के एजेंडे’’ के नाम पर वोट मांगेगी। भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा के लिए यह मायने नहीं रखता कि कोई नेता नया है या पुराना ‘‘जो भी व्यक्ति जनता को तृणमूल कांग्रेस के कथित कुशासन के खिलाफ लड़ने वाला दिखेगा, वही जीत के बाद पार्टी का चेहरा बन सकता है।’’ उन्होंने विधानसभा चुनाव को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस की ‘‘तुष्टीकरण की राजनीति’’ के खिलाफ सीधी लड़ाई बताया। भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा किसी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं करती, जैसा कि दिल्ली, हरियाणा और ओडिशा में भी नहीं किया गया था, फिर भी पार्टी ने जीत हासिल की। भट्टाचार्य ने भरोसा जताया कि भाजपा चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल करेगी, हालांकि उन्होंने आंकड़ा बताने या दो-तिहाई बहुमत मिलने पर टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि भवानीपुर से शुभेंदु अधिकारी को उतारना ममता बनर्जी को उनके गढ़ में सीधी चुनौती देना है। घुसपैठ को पार्टी का मुख्य मुद्दा बताते हुए उन्होंने कहा कि नीति स्पष्ट होगी, ‘‘घुसपैठियों की पहचान, हिरासत और निर्वासन। उन्होंने इस चुनाव को केवल भाजपा और तृणमूल के बीच मुकाबला नहीं, बल्कि एक निर्णायक सभ्यतागत संघर्ष बताया।