भाजपा के मिदनापुर जिला कार्यालय में संवाददाताओं से रूबरू होते भाजपा के प्रदेश नेता राहुल सिन्हा 
पश्चिम बंगाल

भाजपा ने अपने चुनावी चार्जशीट में खड़गपुर में बढ़ते प्रदूषण का उठाया मुद्दा

नदियों से बालू चोरी के गंभीर आरोप

खड़गपुर : विधानसभा चुनाव को लेकर इन दिनों पूरे राज्य में भाजपा की ओर से स्थानीय स्तर पर प्रेस मीट का आयोजन कर विभिन्न स्थानीय समस्याओं को उठाकर तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ कई आरोप लगाए जा रहे हैं। इस दौरान भाजपा ने गुरुवार को खड़गपुर और मिदनापुर के पार्टी कार्यालय में भी प्रेस मीट का आयोजन किया और विभिन्न स्थानीय समस्याओं को उठाते हुए टीएमसी परिचालित राज्य सरकार पर करारा निशाना साधा। इस प्रेस मीट में भाजपा के प्रदेश नेता राहुल सिन्हा, खड़गपुर सदर के भाजपा विधायक हिरण्मय चटर्जी, जिला भाजपा अध्यक्ष समित मंडल समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। खड़गपुर के कौशल्या में आयोजित प्रेस मीट को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने रश्मि मेटलीक्स का नाम लेते हुए उस कारखाने द्वारा फैलाए जा रहे भारी प्रदूषण के विषय को उठाया और राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर खड़गपुर के लोगों को प्रदूषण से निजात दिलाने का आश्वासन भी दिया। खड़गपुर सदर के साथ ही मिदनापुर, केसियाड़ी, दांतन, नारायणगढ़ और पिंगला विधानसभा इलाके में भी व्याप्त कई स्थानीय समस्याओं को उठाते हुए भाजपा के नेताओं ने टीएमसी पर कई आरोप लगाए। इस दौरान भाजपा ने पश्चिम मिदनापुर जिले में नदियों से बालू की चोरी होने के आरोप भी लगाए। भाजपा के नेताओं ने आरोप लगाया कि कंसावती और स्वर्णरेखा नदियों से आए दिन बालू की चोरी हो रही है। जिसकी वजह से नदी किनारे भूमि कटाव की समस्या बढ़ती जा रही है और लोगों को बाढ़ का दंश झेलने के लिए विवश होना पड़ रहा है। इस दौरान भाजपा नेताओं ने जिले में कई स्कूलों की जर्जर अवस्था और बदहाल चिकित्सा व्यवस्था पर भी सवाल उठाया। इसके अलावा विभिन्न विधानसभा केंद्रों में स्थित जर्जर सड़कों को भी भाजपा ने अपने इस चार्जशीट में उठाया और इसके लिए टीएमसी की सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

SCROLL FOR NEXT