कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले भाजपा ने 4 मई को होने वाली मतगणना को लेकर अपनी रणनीति को अंतिम रूप दे दिया है। चुनाव परिणाम के इस निर्णायक दिन भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगा। पार्टी ने कोलकाता से लेकर दिल्ली तक एक मजबूत मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार किया है, ताकि राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर मतगणना की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। पार्टी सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह खुद 294 विधानसभा सीटों की मतगणना की प्रगति पर लगातार नजर रखेंगे। काउंटिंग के दिन पार्टी के वरिष्ठ केंद्रीय नेता सुनील बंसल और भूपेंद्र यादव साल्ट लेक स्थित पार्टी कार्यालय के कंट्रोल रूम से पल-पल की रिपोर्ट दिल्ली भेजेंगे। बताया जा रहा है कि मतगणना की तैयारियों को लेकर बीते कुछ दिनों में मालदह, सिलीगुड़ी और कोलकाता में कई चरणों में अहम बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में जिला अध्यक्षों, प्रत्याशियों और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों को मतगणना के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीति और जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। भाजपा ने काउंटिंग एजेंटों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया है। उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मतगणना समाप्त होने तक पूरी सतर्कता बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित उम्मीदवारों और पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएं। इसी बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी कोलकाता में मौजूद हैं और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।