पूर्व मिदनापुर : राज्य की भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के गृहक्षेत्र कांथी में टीएमसी परिचालित नगरपालिका बोर्ड को भंग कर दिया है। इसके साथ ही अब नगरपालिका में प्रशासक के तौर पर कांथी के एसडीओ अशोक कुमार धूमल को नियुक्त कर दिया गया है। मालूम हो कि 21 सदस्यीय कांथी नगरपालिका में टीएमसी के कुल 18 पार्षद हैं, जबकि यहां पर भाजपा के केवल 3 पार्षद ही हैं। टीएमसी परिचालित कांथी नगरपालिका प्रशासन द्वारा पेयजल, साफ साफ सफाई आदि बुनियादी नागरिक सुविधाएं सभी लोगों को नहीं दिए जाने पर स्थानीय लोगों में नगरपालिका प्रशासन के खिलाफ काफी क्षोभ भी व्याप्त हो गया था। राज्य में भाजपा की सरकार बन जाने के बाद पालिका के काम-काज को लेकर असंतोष जताते हुए कांथी नगरपालिका में टीएमसी के कुल 14 पार्षदों ने पहले ही इस्तीफा दे दिया था। जबकि चेयरमैन सुप्रकाश गिरि समेत टीएमसी के बाकी 4 पार्षदों ने त्यागपत्र नहीं दिया। 14 पार्षदों के एक साथ इस्तीफा देने पर नगरपालिका के काम-काज को लेकर और भी गंभीर समस्याएं उठ खड़ी हुयी। इसके अलावा गत दिनों कांथी के सांसद सौमेंदु अधिकारी ने भी कांथी नगरपालिका में आकर वहां व्याप्त अव्य़वस्थाओं पर नाराजगी जतायी, जिसके बाद राज्य की भाजपा सरकार के नगर उन्नयन मंत्रालय की ओर से कांथी नगरपालिका में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर एक नोटिस जारी किया गया। इस नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर राज्य की भाजपा सरकार ने अब टीएमसी परिचालित कांथी नगरपालिका बोर्ड को भग कर यहां प्रशासक को नियुक्त कर दिया है। पालिका के निर्वाचित बोर्ड को भंग किए जाने की भाजपा के पार्षदों ने सराहना भी की है। जबकि टीएमसी की ओर से इस विषय को लेकर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की गयी है।