बंगाल विधानसभा 2026 
पश्चिम बंगाल

West Bengal Election Phase 2 LIVE: बंगाल में दूसरी बार रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग, दूसरे चरण में 90% मतदान

कालीघाट में शुभेंदु अधिकारी के दौरे पर तनाव

भवानीपुर में अभिषेक बनर्जी ने डाला वोट

वोट देकर बाहर निकलते हुए अभिषेक

भवानीपुर के मित्रा इंस्टिट्यूशन में अभिषेक बनर्जी ने मतदान किया। वोट देने के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगहों पर धमकी और दबाव डालकर मतदान कराया जा रहा है। चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में ही भाजपा का सफाया हो जाएगा।

खिदिरपुर में मतदान का निरीक्षण करने पहुंचे शुभेंदु अधिकारी

खिदिरपुर इलाके में मतदान स्थिति का निरीक्षण करने के बाद शुभेंदु अधिकारी ने संतोष जताया। उन्होंने कहा कि पहले यहां मतदाता वोट देने के लिए बूथ तक नहीं पहुंच पाते थे और आतंक का माहौल रहता था, लेकिन चुनाव आयोग ने हालात बदल दिए हैं। इसके लिए उन्होंने आयोग का धन्यवाद किया। साथ ही सुबह-सुबह भवानीपुर में प्रतिद्वंद्वी के बूथ दौरे पर तंज कसते हुए कहा, “ठेला न पड़े तो बिल्ली पेड़ पर नहीं चढ़ती।

“बूथ-बूथ घूमूंगी”: ममता बनर्जी

ममता बनर्जी सुबह-सुबह चेतला से गाड़ी लेकर निकलीं और कहा कि वह पूरे दिन भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग बूथों का दौरा करेंगी। इस दौरान उन्होंने कोलकाता पोर्ट क्षेत्र में तृणमूल उम्मीदवार फिरहाद हकीम के घर पर केंद्रीय बलों की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई। ममता ने कहा कि देर रात दरवाजा खटखटाने से घर की महिलाएं डर गईं और माहौल में तनाव फैल गया।

50 सीटों के नीचे सिमट जाएगी भाजपा

वोट देने के बाद अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें जनता पर पूरा भरोसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल के लोगों पर अत्याचार किया गया है और दावा किया कि 4 मई को नतीजों में भाजपा की सीटें 50 के नीचे सिमट जाएंगी।

अर्जुन सिंह ने मंदिर में पूजा कर किया मतदान

मतदान शुरू होते ही नोआपाड़ा से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने पहले मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद अपने बूथ पर जाकर वोट डाला

महुआ मोइत्रा ने करिमपुर के बूथ पर किया मतदान

करिमपुर में महुआ ने वोट डाला

तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा ने करिमपुर गर्ल्स हाई स्कूल के 120 नंबर बूथ पर अपना वोट डाला। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान की अपील भी की

जगदल में 34 नंबर बूथ से हथियार बरामद

जगदल विधानसभा के केवटिया क्षेत्र स्थित 34 नंबर बूथ पर हथियार बरामद होने से हड़कंप मच गया। केंद्रीय बल और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से इलाके में संभावित अशांति को टाल दिया गया। सूचना मिलते ही जगदल के भाजपा उम्मीदवार राजेश कुमार भी सक्रिय हो गए और स्थिति पर नजर बनाए रखी।

लिलुआ में लाठीचार्ज

दूसरे चरण के मतदान पर नजर

लिलुआ के अभय गुहा रोड स्थित सोहनलाल स्कूल में मतदान के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। तृणमूल एजेंट के साथ मारपीट के आरोप के बाद केंद्रीय बलों ने लाठीचार्ज किया। इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। बूथ के बाहर लंबी कतारें देखी गईं, जहां बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में मतदाता वोट डालने के लिए खड़े रहे।

एक ही बूथ पर आमने-सामने शुभेंदु और ममता

70 नंबर वार्ड के एक बूथ पर पहले से मौजूद ममता बनर्जी के सामने शुभेंदु अधिकारी भी पहुंच गए। इस दौरान माहौल में राजनीतिक गर्मी बढ़ गई। शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “उन्हें कोई वोट नहीं दे रहा है।” दोनों नेताओं की मौजूदगी से बूथ पर हलचल बढ़ गई।

बारिश के बीच लोकतंत्र का उत्सव

भारी बारिश के बावजूद मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।

सुबह 9 बजे तक बंगाल के दुसरे चरण में 18% मतदान

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान की रफ्तार सुबह से ही देखने को मिली। चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार सुबह 9 बजे तक राज्य में करीब 18 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। विभिन्न बूथों पर मतदाता सुबह से ही कतारों में नजर आए और कई जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा।

ईवीएम खराब होने से वोट नहीं डाल सके चिरंजीत चक्रवर्ती

चारुचंद्र कॉलेज के बूथ पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई। इस वजह से चिरंजीत चक्रवर्ती फिलहाल अपना वोट नहीं डाल सके और उन्हें बूथ से लौटना पड़ा। बताया गया है कि वे बाद में दोबारा मतदान करने आएंगे।

ईवीएम और वीवीपैट खराबी से कई जगह मतदान प्रक्रिया बाधित

पश्चिम बंगाल में मतदान की शुरुआत के साथ ही कई स्थानों पर ईवीएम और वीवीपैट खराबी के कारण तनाव की स्थिति बन गई। हावड़ा के बाली विधानसभा क्षेत्र के डॉन बॉस्को स्कूल बूथ पर मशीन खराब होने से मतदाताओं में आक्रोश फैल गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बलों को लाठीचार्ज करना पड़ा और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूर्व बर्धमान के मंतश्वेर और हुगली के गोघाट में भी वीवीपैट खराबी के चलते मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई, जिससे लंबी कतारों में खड़े कई मतदाता अस्वस्थ महसूस करने लगे।

भाई-बहन के साथ मतदान करने पहुंचे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य

शमिक भट्टाचार्य ने वोट दिया

भाजपा के बंगाल प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने अपनी बहन के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला

कहाँ कितना मतदान प्रतिशत?

कैनिंग पूर्व – 18.10 %

डायमंड हार्बर – 17.31 %

फलता – 17.14 %

गोसाबा – 17.94 %

जादवपुर – 16.16 %

काकद्वीप – 19.10 %

आरामबाग – 21.07 %

बालागढ़ – 20.26 %

चांपदानी – 19.69 %

चंदननगर – 17.95 %

चंडीताल – 20.14 %

चुंचुड़ा – 20.01 %

धनखेड़ी – 20.51 %

गोघाट – 21.40 %

हरिपाल – 20.18 %

जांगीपुरा – 19.92 %

खानाकुल – 20.55 %

पांडुआ – 20.79 %

पुरशुरा – 20.67 %

सप्तग्राम – 20.57 %

सिंगुर – 20.10 %

श्रीरामपुर – 19.72 %

तारकेश्वर – 20.12 %

उत्तरपाड़ा – 18.55 %

भांगड़ में नौशाद सिद्दीकी को घेरकर विरोध

भांगड़ विधानसभा के सैंहाटी इलाके में मतदान के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई। आरोप है कि इलाके में पहुंचते ही आईएसएफ प्रमुख और भांगड़ के निवर्तमान विधायक नौशाद सिद्दीकी को तृणमूल कार्यकर्ताओं ने घेरकर विरोध प्रदर्शन किया और नारेबाजी शुरू कर दी। इससे माहौल गर्म हो गया। नौशाद सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण माहौल के बावजूद तृणमूल कार्यकर्ता जानबूझकर अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक किसी बड़ी झड़प की सूचना नहीं है और स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

बासंती में भाजपा उम्मीदवार पर हमला

बासंती विधानसभा के 76 नंबर बूथ पर उस समय तनाव फैल गया जब भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार बूथ निरीक्षण के लिए पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान उन पर हमला किया गया और उनकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। उनके सुरक्षा गार्ड के हथियार छीनने की कोशिश भी की गई। बताया जा रहा है कि केंद्रीय बल मौजूद होने के बावजूद उन्होंने हस्तक्षेप नहीं किया, जिससे नाराजगी बढ़ गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

4 आईएसएफ समर्थक गिरफ्तार

आमडंगा में मतदान के दौरान बूथ के बाहर भीड़ इकट्ठा कर गड़बड़ी फैलाने के आरोप में आईएसएफ समर्थकों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आमडंगा थाने की टीम द्वारा चार आईएसएफ समर्थकों को गिरफ्तार किया। मतदान प्रक्रिया के बीच इस घटना से कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।

शासन में तनाव: टीएमसी-आईएसएफ कार्यकर्ताओं के बीच झड़प

उत्तर 24 परगना के शासन इलाके में मतदान के दौरान सत्ताधारी दल और विपक्षी कार्यकर्ताओं के बीच तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि वोट डालने से रोकने की धमकी के बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं को आईएसएफ समर्थकों ने इलाके से खदेड़ दिया, जिससे वे गांव छोड़ने को मजबूर हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया

भाजपा ने फलता में की पुनर्निर्वाचन की मांग

दक्षिण 24 परगना के फलता विधानसभा क्षेत्र में पिछले दो दिनों से राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहीर खान और डायमंड हार्बर पुलिस जिला के पुलिस पर्यवेक्षक अजयपाल शर्मा के बीच कथित तनाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मतदान के पहले चार घंटे के भीतर ही भाजपा ने पुनर्मतदान की मांग उठाई, जिससे इलाके में सियासी हलचल और बढ़ गई है।

11 बजे तक बंगाल के दूसरे चरण में 40% मतदान

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान की रफ्तार तेज हो रही है। चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार सुबह 11 बजे तक राज्य में कुल 39.97 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

भवानीपुर में बारिश के बीच मतदान

भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता बारिश के बावजूद मतदान के लिए कतारों में खड़े नजर आए। चेतला गर्ल्स स्कूल के बूथ पर मतदाता छाता लेकर लंबी लाइनों में अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। बारिश के बीच भी लोगों में मतदान को लेकर उत्साह बना रहा और वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करते रहे।

बेहला में तृणमूल कार्यकर्ताओं से मारपीट का आरोप

बेहला पश्चिम के 127 नंबर वार्ड में मतदान के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई। आरोप है कि 100 मीटर की सीमा से बाहर तृणमूल का बूथ होने के बावजूद केंद्रीय बलों ने वहां पहुंचकर तोड़फोड़ की और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।

केतुग्राम में बूथ के पास मिले 6 बम

केतुग्राम विधानसभा के बिरुरी गांव के 35 नंबर बूथ से कुछ दूरी पर छह ताज बम बरामद किए गए

पूर्व बर्दवान जिले के केतुग्राम विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दिन उस समय हड़कंप मच गया जब बिरुरी गांव के 35 नंबर बूथ के पास खाली जगह से एक बैग में छह ताजा बम बरामद किए गए। सूचना मिलते ही इलाके में भारी पुलिस बल और केंद्रीय बल तैनात कर दिया गया और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। बम स्क्वॉड को भी बुलाया गया है, जो मौके पर पहुंचकर बमों को निष्क्रिय करेगा।

सुरक्षा के मद्देनज़र स्थानीय लोगों को वहां से दूर रखा गया है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बम वहां किसने और क्यों रखे थे। मतदान के दौरान इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पानीहाटी में तनाव

पानीहाटी के 165 नंबर बूथ पर मतदान स्थिति का जायजा लेने पहुंचीं भाजपा उम्मीदवार और आरजी कर मामले की पीड़िता की मां के पहुंचते ही न्यू आदर्श नगर इलाके में तनाव फैल गया। भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उनके वाहन को घेरकर विरोध प्रदर्शन किया और “गो बैक” तथा “जय बांग्ला” के नारे लगाए। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए माहौल गरम हो गया।

राजरहाट में बीजेपी उम्मीदवार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

राजरहाट न्यू टाउन विधानसभा क्षेत्र के रामकृष्ण पल्लि स्वास्थ्य केंद्र में मतदान के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि भाजपा उम्मीदवार पीयूष कानोरिया के पहुंचने पर तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उन्हें घेरकर विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कालीघाट में शुभेंदु अधिकारी के दौरे पर तनाव

कालीघाट स्थित जय हिंद भवन के सामने शुभेंदु अधिकारी के पहुंचते ही इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि उनके आगमन पर 'जय बांग्ला' के नारे लगाए गए, जिसके जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'जय श्री राम' के नारे लगाए। दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी से पूरा इलाका कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया।

सौरव गांगुली ने पत्नी के साथ किया मतदान

पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली ने अपनी पत्नी के साथ बेहला में मतदान किया। वोट डालने के बाद उन्होंने बाहर निकलकर समर्थकों के साथ सेल्फी भी ली। उन्होंने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है और इस क्षेत्र में आमतौर पर कोई समस्या नहीं होती, इसलिए इस बार भी उन्होंने आसानी से वोट दिया।

दोपहर 1 बजे तक दूसरे चरण में 61% मतदान

दूसरे चरण के मतदान में दोपहर तक अच्छी भागीदारी देखने को मिली है। चुनाव आयोग के अनुसार दोपहर 1 बजे तक कुल 61.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कई इलाकों में मतदाताओं की लंबी कतारें बनी रहीं और लोग उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

इंटाली में प्रियंका का हंगामा

इंटाली के एक मतदान केंद्र पर भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबड़ेवाल के बूथ में प्रवेश करते ही तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि अंदर जगह कम होने के कारण उन्होंने एक एजेंट को बूथ से बाहर निकाल दिया। प्रियंका टिबड़ेवाल ने कहा, “अंदर क्या गोद में बैठेंगे? 15 साल से ऐसा ही हो रहा है, लेकिन इस बार केंद्रीय बल मौजूद हैं और वही कार्रवाई करेंगे।”

भवानीपुर में सीपीएम के राज्य सचिव मो. सलीम ने वोट डाला

मतदान करने के बाद बाहर निकलकर मो. सलीम ने फेसबुक पर फोट पोस्ट किया

दोपहर 1 बजे तक कहाँ कितना मतदान हुआ?

दूसरे चरण में दोपहर 1 बजे तक कुल 61.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

हुगली – 64.57 %

हावड़ा – 60.68 %

कोलकाता उत्तर – 60.18 %

कोलकाता दक्षिण – 57.73 %

नदिया – 61.41 %

उत्तर 24 परगना – 59.20 %

पूर्व बर्दवान – 66.80 %

दोपहर 3 बजे तक दूसरे चरण में 79% मतदान

दूसरे चरण के मतदान में दोपहर 3 बजे तक जबरदस्त भागीदारी देखने को मिली। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक कुल 78.68 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। कई बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं और लोग उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण और सुचारु मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

ममता बनर्जी ने डाला वोट

तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी ने मित्रा इंस्टिट्यूशन में मतदान किया। वोट डालने जाने से पहले उन्होंने केंद्रीय बलों पर नाराज़गी जताई और आरोप लगाया कि वे महिलाओं और बच्चों के साथ मारपीट कर रहे हैं।

शाम 5 बजे तक दूसरे चरण में 90% मतदान

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान में शाम 5 बजे तक कुल 89.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रक्रिया पूरे दिन सुचारु रूप से जारी रही और मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।

SCROLL FOR NEXT