पश्चिम बंगाल

एक महीने से बंद है बारासात विश्वविद्यालय का हॉस्टल, सामान लेकर निकले छात्र

Priti Yadavv

बारासात : वेस्ट बंगाल स्टेट यूनिवर्सिटी का हॉस्टल करीब एक महीने से बंद है। मंगलवार को पुलिस की मौजूदगी में कुछ छात्र हॉस्टल पहुंचे और अपने जरूरी सामान व दस्तावेज लेकर बाहर निकले। इसके बाद हॉस्टल दोबारा कब खुलेगा, इसे लेकर छात्रों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि मरम्मत का काम पूरा होते ही हॉस्टल फिर से खोल दिया जाएगा। दरअसल, अगस्त में राखी बंधन उत्सव के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में एबीवीपी और टीएमसीपी समर्थक छात्रों के बीच झड़प हुई थी। इस दौरान ब्वॉयज हॉस्टल में तोड़फोड़ का भी आरोप लगा था। घटना के बाद कुलपति के निर्देश पर हॉस्टल में रहने वाले छात्रों को वहां से चले जाने को कहा गया था। तभी से हॉस्टल बंद है। हॉस्टल में करीब 40 छात्र रहते थे, जिनमें कई दूसरे जिलों के हैं। हॉस्टल बंद होने के कारण कुछ छात्र रोजाना लंबी दूरी तय कर घर से यूनिवर्सिटी आ-जा रहे हैं, जबकि कई छात्रों को अतिरिक्त खर्च कर वहां रहना पड़ रहा है। मंगलवार को छात्रों को अपना जरूरी सामान और दस्तावेज लेने के लिए हॉस्टल में प्रवेश की अनुमति दी गई। दत्तपुकुर थाने की पुलिस की मौजूदगी में छात्र अंदर गए और अपने सामान लेकर बाहर आए। एक छात्र ने बताया कि हॉस्टल चालू रहने से दूर-दराज के छात्रों को काफी सुविधा होती थी। वहीं, वाइस चान्सलर देवव्रत मित्रा ने स्पष्ट किया कि छात्रों को सामान ले जाने की अनुमति देने का मतलब हॉस्टल को स्थायी रूप से बंद करना नहीं है। उन्होंने बताया कि कुछ छात्रों ने अपने दस्तावेज और जरूरी सामान लेने के लिए आवेदन किया था। पुलिस के साथ समन्वय कर उन्हें हॉस्टल में प्रवेश की अनुमति दी गई। मरम्मत का काम पूरा होते ही हॉस्टल दोबारा खोल दिया जाएगा।

SCROLL FOR NEXT