सिलीगुड़ी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुक्रवार को सिलीगुड़ी में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित कर बापू को श्रद्धांजलि दी गई। कहीं साइकिल रैली के जरिए शांति, सद्भाव और स्वच्छता का संदेश दिया गया, तो कहीं पुष्प वितरण और स्कूली कार्यक्रमों के माध्यम से गांधीजी के योगदान और आदर्शों को याद किया गया। विभिन्न आयोजनों में लोगों ने महात्मा गांधी के चित्र और प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
10 किलोमीटर साइकिल रैली ने दिया संदेश
गांधी जयंती के अवसर पर एक निजी संगठन की ओर से ‘प्रफुल्ल स्मृति साइकिल रैली’ निकाली गई। करीब 10 किलोमीटर लंबी रैली की शुरुआत सुबह साढ़े पांच बजे कदमतला स्थित बीएसएफ कैंप से हुई। महिला-पुरुष समेत विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
रैली उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज होते हुए कोर्ट मोड़ स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने पहुंची। यहां प्रतिभागियों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद रैली कावाखाली ट्रैफिक कार्यालय के सामने पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। आयोजकों ने बताया कि रैली का उद्देश्य गांधीजी के आदर्शों के साथ शांति, सद्भाव और स्वच्छता का संदेश लोगों तक पहुंचाना था।
16 नंबर वार्ड में पुष्प वितरण
वहीं, 16 नंबर वार्ड कमेटी की ओर से भी महात्मा गांधी की जयंती मनाई गई। गांधीजी के योगदान को याद करते हुए लोगों के बीच पुष्प वितरित किए गए। आयोजन के माध्यम से बापू के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।
स्कूली बच्चों ने भी याद किया बापू को
गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर सिलीगुड़ी के ब्राइट एकेडमी में भी विशेष कार्यक्रम हुआ। बच्चों ने महात्मा गांधी और कस्तूरबा गांधी का रूप धारण कर स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े प्रसंगों और गांधीजी के विचारों को प्रस्तुत किया। इससे बच्चों में गांधीजी के जीवन और योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
शहर में आयोजित इन कार्यक्रमों में अलग-अलग वर्ग और आयु समूह के लोगों की भागीदारी रही। साइकिल रैली से पर्यावरण व स्वच्छता का संदेश दिया गया, जबकि वार्ड और स्कूल स्तर के आयोजनों में गांधीजी के योगदान और उनके विचारों को याद किया गया। इस तरह गांधी जयंती पर सिलीगुड़ी में बापू के सत्य, अहिंसा, शांति और सद्भाव के संदेश की गूंज सुनाई दी।