पश्चिम बंगाल

रात के अंधेरे में कंटीले तार के रास्ते बांग्लादेश लौटने की कोशिश

बीएसएफ ने बांग्लादेशी युवक को पकड़ा

Priti Yadavv

रुपये लेकर सीमा पार कराने पहुंचे भारतीय युवक भी पकड़ा गया

प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : कोलकाता में कुछ दिन बिताने के बाद रात के अंधेरे में कंटीले तार पार कर बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर रहे एक युवक को बीएसएफ ने पकड़ लिया। उसके साथ मौजूद भारतीय युवक पर रुपये लेकर सीमा पार कराने में मदद करने का आरोप है। दोनों को बाद में तेहट्ट थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना बुधवार की देर रात नफरचंद्रपुर गांव के सीमावर्ती इलाके की है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए बांग्लादेशी युवक की पहचान बाबुल हुसैन हलदार के रूप में हुई है। वह बांग्लादेश के खुलना के भागरथ स्मरणखोला गांव का निवासी है। जांच में सामने आया कि कुछ दिन पहले एक दलाल के जरिए वह अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। इसके बाद कोलकाता में कुछ दिन रहने के बाद उसने वापस बांग्लादेश जाने की योजना बनाई। बताया गया है कि सीमा पार कराने के लिए उसने तेहट्ट के एक स्थानीय युवक से संपर्क किया और उसे मोटी रकम देने की बात तय हुई। बुधवार की रात तय योजना के मुताबिक दोनों नफरचंद्रपुर सीमा क्षेत्र में पहुंचे। कंटीले तार के पास पहुंचते ही गश्त कर रहे बीएसएफ जवानों की नजर उन पर पड़ गई। संदेह होने पर जवानों ने दोनों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में बांग्लादेश लौटने की अवैध कोशिश का खुलासा हुआ। इसके बाद दोनों को तेहट्ट थाने की पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस बाबुल से यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह किसके जरिए भारत आया था और कोलकाता आने का उसका उद्देश्य क्या था। साथ ही सीमा पार कराने के लिए रुपये लेने वाले भारतीय युवक के संपर्कों की भी जांच की जा रही है। घुसपैठ या तस्करी के किसी बड़े गिरोह से उसका संबंध है या नहीं, इसका भी पता लगाया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT