शांतिपुर स्टेट जनरल अस्पताल परिसर में मरीज के परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप, शिकायत के बाद दुकान बंद
नदिया :
शांतिपुर स्टेट जनरल अस्पताल परिसर स्थित निःशुल्क दवा की दुकान से एक्सपायर्ड दवा देने का आरोप सामने आने के बाद शनिवार को हंगामा मच गया। शिकायत को लेकर मरीजों के परिजन और स्थानीय लोग दुकान के सामने जुट गए और उसे बंद करा दिया। जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले चंदना साहा अपने बच्चे का इलाज कराने अस्पताल पहुंची थी। चिकित्सक की सलाह पर उन्होंने अस्पताल की निःशुल्क दवा दुकान से दवा खरीदी। घर जाकर देखने पर कुछ गोलियां टूटी हुई मिलीं। परिजनों का आरोप है कि दवा से दुर्गंध भी आ रही थी और उसकी गुणवत्ता संदिग्ध लगी। मामला सामने आने के बाद शनिवार की सुबह अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गयी। शिकायत के आधार पर फिलहाल दुकान में दवा की बिक्री रोक दी गयी है। हालांकि, दुकान कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल अधीक्षक की ओर से दुकान बंद करने का कोई लिखित आदेश नहीं मिला है। लोगों की शिकायत के बाद एहतियातन दुकान बंद रखी गयी है। अस्पताल अधीक्षक तारक बर्मन ने कहा कि शिकायत की जानकारी मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।