कोलकाता : आनंदपुर के नाजीराबाद इलाके में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है। इस हादसे में राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े करते हुए विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को भाजपा समर्थकों और पार्टी विधायकों के साथ एक विशाल विरोध मार्च निकाला। यह विरोध मार्च गरिया ढलाई ब्रिज से शुरू होकर नरेंद्रपुर थाना के पास जाकर समाप्त हुआ। हाई कोर्ट द्वारा तय किए गए मार्ग और शर्तों के अनुसार यह मार्च आयोजित किया गया, हालांकि इलाके में धारा 163 लागू थी। शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार इस हादसे के जिम्मेदार लोगों को संरक्षण दे रही है। शुभेंदु ने सवाल उठाया कि कंपनी के कर्मचारियों को ही क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है? उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री के अब तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचने पर भी सवाल उठाए और इसे सरकार की असंवेदनशीलता बताया। भाजपा ने इस मौके पर पांच मांगें रखीं, जिसमें कब्जे में ली गई वेटलैंड्स की सूची जारी करना, लापता लोगों की तलाश, मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा, प्रत्येक परिवार से एक सदस्य को सरकारी नौकरी और हादसे के लिए जिम्मेदार सभी लोगों की गिरफ्तारी की मांग शामिल है। जुलूस के बाद भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने नरेंद्रपुर थाने में ज्ञापन सौंपा।