सांकेतिक फोटो  
पश्चिम बंगाल

परिवार के विरोध के बीच युवक और विवाहित युवती के शव फंदे से लटके मिले

ममेरे भाई की पत्नी से था युवक का प्रेम संबंध

नदिया : रिश्तों की मर्यादा तोड़कर शुरू हुआ प्रेम संबंध आखिरकार एक दर्दनाक घटना में बदल गया। गुरुवार सुबह नदिया जिले के शांतिपुर थाना क्षेत्र के बाबला गांव स्थित एक आम के बागान से युवक और विवाहित युवती के शव फंदे से लटके हुए बरामद किए गए। दोनों के बीच प्रेम संबंध था और युवती युवक के ममेरे भाई की पत्नी थी। मृतकों की पहचान बाबला गांव निवासी दीपक सरदार (20) और सुमिता सरदार (19) के रूप में हुई है। पारिवारिक रिश्तेदारी के कारण दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। इसी दौरान दीपक और सुमिता के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध स्थापित हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों के रिश्ते की जानकारी परिवार के सदस्यों को होने के बाद घरों में विवाद शुरू हो गया था। हालांकि, परिजनों के विरोध के बावजूद दोनों एक-दूसरे से अलग होने के लिए तैयार नहीं थे। गुरुवार सुबह करीब सात बजे एक स्थानीय व्यक्ति खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसने घर के समीप स्थित आम के बागान में दोनों को एक साथ फंदे से लटका हुआ देखा। उसने शोर मचाया, जिसके बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर शांतिपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है। स्थानीय लोगों का दावा है कि परिवार और समाज से अपने रिश्ते को स्वीकृति मिलने की उम्मीद समाप्त होने के बाद दोनों ने एक साथ जान देने का फैसला किया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही दोनों की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

SCROLL FOR NEXT